हिन्द मज़दूर सभा यूपी की बैठक: चार श्रम संहिताओं पर रणनीति, राष्ट्रीय सहारा मुद्दे पर चर्चा
हिन्द मज़दूर सभा की उत्तर प्रदेश राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक आज लखनऊ के चारबाग स्थित एनआरएमयू के मंडल कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष शिव गोपाल मिश्र की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में देश और प्रदेश की मौजूदा श्रम परिस्थितियों, पुराने श्रम कानूनों के स्थान पर लागू की गई चार नई श्रम संहिताओं (Labour Codes) तथा उनकी प्रस्तावित नियमावली से मजदूर संगठनों के सामने खड़ी संभावित चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में यह चिंता व्यक्त की गई कि नई श्रम संहिताओं के क्रियान्वयन के बाद श्रमिक अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा, ट्रेड यूनियन गतिविधियों और औद्योगिक संबंधों पर व्यापक प्रभाव पड़ सकता है। पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे समय में संगठित और असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को जागरूक करने तथा संयुक्त रणनीति बनाने की आवश्यकता है।
‘राष्ट्रीय सहारा’ की स्थिति पर भी चर्चा
बैठक में दैनिक राष्ट्रीय सहारा समाचार पत्र की अघोषित बंदी और उससे जुड़े पत्रकार एवं गैर-पत्रकार कर्मचारियों की स्थिति पर भी विचार-विमर्श किया गया। श्रमिक संगठनों ने संबंधित कर्मचारियों के संघर्ष के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए उनके अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाने की जरूरत बताई।
प्रदेश संगठन की रिपोर्ट और हड़ताल में भागीदारी
महामंत्री उमाशंकर मिश्र ने प्रदेश संगठन की वर्तमान स्थिति, पिछली कार्यकारिणी बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की प्रगति तथा केंद्रीय श्रम संगठनों के आह्वान पर 12 फरवरी की हड़ताल में हिन्द मज़दूर सभा की भागीदारी पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
कार्यवाहक महामंत्री एल.एन. पाठक ने पिछली बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनाई, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।
प्रदेश उपाध्यक्ष आर.के. पांडेय और राजाराम यादव ने रायबरेली में जनपद इकाई गठन की दिशा में हुई बैठक की जानकारी दी। वहीं उपाध्यक्ष वसंत चतुर्वेदी ने पूर्वोत्तर रेलवे (N.E. Railway) की स्थिति, संगठन मंत्री विद्याकांत तिवारी ने प्रदेश की चीनी मिलों, रामशंकर मिश्रा ने बिजली उद्योग, अरविंद सिंह राठौर और क्षेत्रीय मंत्री गाजियाबाद एस.बी. सरोज ने निर्माण एवं असंगठित क्षेत्र के कामगारों के बीच यूनियनों की स्थिति और चुनौतियों पर प्रकाश डाला।
संगठन विस्तार और आर्थिक मजबूती पर जोर
विस्तृत विचार-विमर्श के बाद अध्यक्ष शिव गोपाल मिश्र ने अगले एक माह में प्रदेश के सभी जनपदों और मंडलों में समितियों के गठन का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संगठन और कार्यालय संचालन के लिए सभी संबद्ध यूनियनों और रेलवे शाखाओं से नियमित मासिक/वार्षिक अंशदान सुनिश्चित करने का आह्वान किया, ताकि संगठन को आर्थिक और संगठनात्मक रूप से मजबूत किया जा सके।

बैठक में प्रांतीय मंत्री अविनाश पांडे, अरुण गोपाल मिश्रा, श्रीमती प्रवीण सिंह, संगठन मंत्री पीयूष मिश्रा, एस.यू. शाह, कोषाध्यक्ष रविंद्र प्रताप सिंह सहित कई कार्यकारिणी सदस्य और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखे।


